- जिले के अंदरूनी इलाके बेचा और कड़ेनार के ग्रामीणों से हुए रूबरू।
कोण्डागांव- जिले के अतिसंवेदनशील गांवों का दौरा कर गुरुवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत व पुलिस कप्तान वाय अक्षय कुमार ने विकास कार्यों का जायजा लिया। कलेक्टर ने खुद बाइक चलाते हुए हड़ेली से लगभग 18 किलोमीटर दूर बेचा गांव में पहुंचे। कलेक्टर ने वहां प्राथमिक शाला परिसर में आम पेड़ के नीचे ग्रामीणों और बच्चों से मिलकर बातचीत की और उनकी समस्याओं से रुबरु हुए। उन्होंने शासकीय प्राथमिक शाला बेचा में शिक्षक से बच्चों की पढ़ाई, मध्यान्ह भोजन और न्यौता भोज के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए गांव में पेयजल, बिजली, राशन सहित मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पीएचई के अधिकारियों को हर घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए किये जा रहे कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणों को बताया कि आने वाले तीन माह के भीतर प्राथमिक शाला भवन बनकर तैयार हो जाएगा, जिसके बाद बच्चे पक्के भवन में पढ़ाई करेंगे। साथ ही शीघ्र ही उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन और देवगुड़ी निर्माण सहित आंगनबाड़ी भवन निर्माण शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही प्राथमिक शाला में विद्युत कनेक्शन प्रदाय करने के निर्देश विद्युत विभाग के अधिकारियों को दिए।

मौके पर ही लगाई चौपाल-
मर्दापाल क्षेत्र के दूरस्थ ग्राम कड़ेनार में इमली पेड़ के छांव में चौपाल लगाकर कलेक्टर व एसपी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। उन्होंने सरपंच और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे किसी खास अवसरों पर या तिथियों पर किसी एक स्कूल में बच्चों के लिए न्यौता भोज कराएं। इस दौरान कलेक्टर के समक्ष ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी, पेयजल, बिजली सहित विभिन्न मांगों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए।

कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण जल्द से जल्द करने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केन्द्र और स्कूल भवन के लिए बाउंड्रीवाल का निर्माण भी किया जाएगा। कलेक्टर ने ग्रामीणों से कहा कि, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूरा करते हुए अपने पक्के घरों में निवास करें।