कोंडागांव- बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी ने मंगलवार को कोंडागांव में आयोजित भूमिपूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में 10 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। विधायक ने 05 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया, जिसमें 50 सीटर पोस्ट मैट्रिक अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या छात्रावास भवन, 33/11 के.व्ही. नवीन उपकेन्द्र लोहरापारा, जल संसाधन उपसंभाग कोण्डागाँव कार्यालय भवन का निर्माण कार्य और हाई स्कूल भवन का निर्माण कार्य शामिल है। इसके अलावा जिले में निवासरत लोगों के स्वरोजगार एवं कौशल विकास हेतु सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम सहित स्थानीय जनप्रतिधिगण उपस्थित रहे।

छात्रावास के निर्माण से विद्यार्थियों को बड़ी सुविधा मिलेगी-
बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक सुश्री लता उसेंडी ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्रावास के निर्माण से उन विद्यार्थियों को बड़ी सुविधा मिलेगी, जिन्हें अब तक जगह की कमी के कारण प्रवेश नहीं मिल पाता था। इससे बच्चों की पढ़ाई बेहतर होगी और उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि लगभग 4 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से 33 केवी पावर स्टेशन का भूमिपूजन किया गया है तथा अन्य उपकेंद्रों के निर्माण से क्षेत्र में बिजली की समस्या दूर होगी। संसाधनों की उपलब्धता से विकास कार्य सुचारू रूप से संपन्न होता है। उन्होंने आज बहनों के कौशल विकास के लिए सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से महिलाओं का कौशल उन्नयन होगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी। युवाओं को सीखने की प्रवृत्ति पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने खाली समय का सदुपयोग करते हुए कुछ न कुछ नया अवश्य सीखना चाहिए, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में उनके कौशल का विकास हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि व्यक्ति में इतना हुनर होना चाहिए कि यदि नौकरी न भी मिले, तो उसे कभी खाली बैठने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार होगा और समग्र विकास को गति मिलेगी।
विभिन्न विकास कार्य-
नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पिछड़ा वर्ग के छात्राओं को छात्रावास के बन जाने से बेहतर सुविधाएं मिलेगी और अच्छे से पढ़ाई कर सकेंगे। साथ ही विद्युत व्यवस्था में भी सुधार होगा। इन कार्यों में आदिवासी विकास विभाग के 50 सीटर पोस्ट मैट्रिक अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या छात्रावास भवन कोण्डागाँव लागत राशि रू. 191.51 लाख, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित कोण्डागाँव के 33/11 के.व्ही. नवीन उपकेन्द्र लोहरापारा (कोण्डागाँव) का निर्माण कार्य लागत राशि रू. 490.99 लाख, जल संसाधन विभाग संभाग कोण्डागाँव के वि.ख. कोण्डागाँव में अनुविभागीय अधिकारी जल संसाधन उपसंभाग कोण्डागाँव कार्यालय भवन का निर्माण कार्य लागत राशि रू. 144.27 लाख, जिला कोण्डागाँव के वि.ख. कोण्डागाँव में अनुविभागीय अधिकारी लघु जल संसाधन सर्वे उपसंभाग कोण्डागाँव कार्यालय भवन का पुननिर्माण कार्य लागत राशि रू. 125.26 लाख और लोक निर्माण विभाग संभाग कोण्डागांव द्वारा कोण्डागाँव के वार्ड क्रमांक-03 में हाई स्कूल भवन का निर्माण कार्य लागत राशि रू. 75.23 लाख रुपए शामिल है।