विधायक व कलेक्टर ने दीदी की रसोई पहुँच परोसा भोजन

 

 

  • मरीजों को मिलेगी सस्ती और स्वच्छ भोजन सुविधा।

कोण्डागांव- जिला अस्पताल परिसर में आज बिहान समूह की महिलाओं द्वारा संचालित ‘दीदी की रसोई’ कैंटीन का शुभारंभ विधायक सुश्री लता उसेंडी और कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने किया। कैंटीन का संचालन शिव स्व-सहायता समूह की छह महिलाओं द्वारा की जाएगी। कैंटीन की शुरुआत से अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को सस्ती, स्वच्छ और घर जैसी भोजन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही मरीज चाहें तो अपना राशन देकर भी यहाँ भोजन बनवा सकेंगे।

  • भोजन बनाना आसान कार्य नहीं है-

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री उसेंडी ने महिलाओं के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि भोजन बनाना आसान कार्य नहीं है और समूह की महिलाओं द्वारा की गई मेहनत अनुकरणीय है। ‘‘कुछ माह पहले यह स्थान बेहद जर्जर था, आज इसे देखकर गर्व होता है कि यह जगह इतनी साफ-सुथरी और आकर्षक कैंटीन में बदल गई है। साफ-सफाई बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है,’’ उन्होंने कहा। विधायक ने महिलाओं से भोजन की गुणवत्ता और स्वाद बनाए रखने की अपील की। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए योजनाएँ चलायी जा रही हैं ताकि महिलाएँ परिवार और समाज में मजबूत भूमिका निभा सकें। महिला सशक्तिकरण की वास्तविक परिभाषा तब साकार हुई जब राशन कार्ड महिलाओं के नाम पर बनना शुरू हुआ। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना एवं अन्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिला कृषकों से संवाद करते प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली राशि के बारे में पूछा और जिन्हें लाभ नहीं मिल रहा उन्हें लाभ लेने प्रोत्साहित किया।इस मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना,जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर, प्रेम सिंह नाग, कुलवंत चहल, मनोज जैन, दीपेश अरोरा, हर्षवीर ढिल्लन और ननकी वैष्णव सहित जिला पंचायत के सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एसडीएम अजय उरांव स्थानीय जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *